कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के टीपी नगर स्थित देशी और विदेशी शराब दुकानों के बाहर शनिवार देर रात हंगामा हो गया। रात करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच शराब खरीदने को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में एक युवक के सिर में चोट लगने की जानकारी मिली है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान बंद होने के समय के बावजूद वहां भीड़ जमा थी और कई लोग खुलेआम शराब पी रहे थे। मारपीट के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। वहीं कुछ युवकों द्वारा बंद दुकान में घुसने का प्रयास किया गया और दुकानदारों के साथ गाली-गलौज भी की गई।
दुकान के बाहर शराब पीने वालों की मौजूदगी के अलावा आसपास ठेले और चखना दुकानों पर भीड़ देखी गई जहां लोगों को खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। इंदिरा स्टेडियम के आसपास के इलाके में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें फैली हुई थीं। एक महिला और पुरुष जो इन बोतलों को इकट्ठा कर बेचते हैं ने बताया कि उन्होंने एक रात में दो बोरी से अधिक बोतलें जमा की हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जब आबकारी अधिकारी आशा सिंह से ली गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक इस मामले की सूचना नहीं मिली है, लेकिन वे इसे संज्ञान में लेंगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान बंद होने के बाद भी शराब परोसे जाने और खुलेआम सेवन की स्थिति चिंताजनक है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
