कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पिकनिक स्थल परसा खोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया जहां एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक रायगड़ा (ओडिशा) से अपने दोस्तों के साथ दिवाली पर पिकनिक मनाने आया था।
जानकारी के अनुसार भिलाई के एक निजी कॉलेज में अध्ययनरत 20-25 छात्रों का दल पिकनिक मनाने के लिए वहां पहुंचा था। जिसमें 23 वर्षीय आशीष कुमार पंडा भी शामिल था। आशीष अपने दोस्तों के साथ झरने के पास नहा रहा था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की तलाश के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि परसा खोला में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की वजह से अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेरा की मांग की है। दिवाली के दिन हुई इस घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
