कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी पावर प्लांट में रविवार सुबह एक बस ड्राइवर का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 37 वर्षीय राजेश महतो के रूप में हुई है जो बिहार के वैशाली जिले का निवासी था और रोहन बिल्डर्स कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार राजेश कंपनी की बस में ही खाना बनाकर रह रहा था। रविवार सुबह जब कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, तो बस के अंदर एंगल से लटका हुआ शव देखा। तत्काल इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है जिससे अनुमान है कि उसने मौत से पहले किसी से बातचीत की हो सकती है।
पुलिस ने कंपनी कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मृतक पावर प्लांट में कर्मचारियों को लाने-ले जाने की बस चलाता था और अधिकांश समय उसी बस में रहकर जीवनयापन करता था। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य कोणों से भी मामले की जांच कर रही है।
