पिता की धारदार हथियार से हत्या: बेटे को था पत्नी और पिता के चरित्र पर शक, वारदात से फैली सनसनी….
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मजदूर नगर सरोरा में एक युवक ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवप्रसाद सेन (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बेटा दिनेश कुमार सेन है। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों के बीच घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ने गुस्से में आकर पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिनेश ने दूसरी जाति की लड़की से शादी की थी और घर के खर्च को लेकर पिता से अक्सर विवाद होता था। वारदात की रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके अलावा, आरोपी को अपनी पत्नी और पिता के चरित्र पर शक था, जो हत्या की एक और बड़ी वजह मानी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
