तालाब में मिली महिला की लाश, गले में बंधी थीं ईंटें, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, पति गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा: जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र में तालाब से मिली महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज मामले में महिला के पति को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात सरस्वती राठौर (48 वर्ष) अचानक घर से लापता हो गई थीं। पति भरत लाल राठौर ने 18 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी दिन गांव के तालाब में सरस्वती का शव बरामद हुआ, जिसके गले में दो ईंटें रस्सी से बंधी हुई थीं।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतिका का पति भरत राठौर शराब और नशे का आदी था, जिससे वह परेशान रहती थी। सरस्वती द्वारा नशा करने से मना करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। शव को छुपाने के लिए तालाब में फेंका और पानी में डूबा रहे, इसके लिए गले में ईंट बांध दी।
जांच टीम ने आरोपी भरत राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 19 अक्टूबर को आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया। जांच ASP उमेश कुमार कश्यप एवं CSP योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में की गई, वहीं पूरे मामले की निगरानी SP विजय कुमार पांडेय (IPS) द्वारा की गई।
