कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सर्वमंगला–कनेवरी मार्ग पर जोड़ा पुल से कुछ दूरी पहले आज एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन पलट गया। वाहन में भारी मात्रा में मछलियां लोड थीं। हादसे में वाहन चालक व उसमें सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के पलटते ही मछलियों से भरी बोरियां सड़क पर बिखर गईं। मौके पर गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने सड़क पर बिखरी मछलियां उठानी शुरू कर दीं। इस तरह घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्वमंगला–कनेवरी मार्ग बनने के बाद से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन चलाने की प्रवृत्ति बढ़ गई है। आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं जिनमें या तो वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं या फिर वाहन चालक व सवार घायल हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारण और नियमित गश्त की मांग की है।
