कोरबा: गेवरा खदान में भू-विस्थापितों पर CISF का लाठीचार्ज, कई लोग घायल; तेजी से वायरल हो रहा वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  SECL की गेवरा खदान में गुरुवार को भू-विस्थापितों के प्रदर्शन के दौरान CISF जवानों ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में रोजगार, पुनर्वास और मुआवजे की मांग को लेकर किया जा रहा था। लाठीचार्ज में छत्तीसगढ़ किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू, रमेश दास, बिमल दास और गुलाब दास गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और CISF बल मौजूद था। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था और SECL अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए बुला रहे थे। इसी दौरान CISF के एक अधिकारी द्वारा प्रदर्शनकारियों से अभद्र व्यवहार करने और गाली-गलौज करने की बात सामने आई, जिसके बाद अचानक बल ने लाठीचार्ज कर दिया। घायल प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जबरन उठाकर दीपका थाने पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाने पहुंच गए और मारपीट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
किसान सभा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा भू-विस्थापितों की समस्याओं का समाधान किए बिना खदान विस्तार नहीं होने दिया जाएगा। अगर प्रबंधन ने जबरन विस्तार की कोशिश की, तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों को नियमित रोजगार, उचित मुआवजा और पुनर्वास सुविधा देने की मांग की।

इस मामले में SECL के पीआरओ सनीश चंद्र ने बताया कि ग्राम नराई बोध और भडोरा के ग्रामीण खदान क्षेत्र में पहुंचकर उत्पादन गतिविधियों में व्यवधान डाल रहे थे। CISF ने सुरक्षा कारणों से उन्हें रोकने की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि
“खदान क्षेत्र में प्रवेश जोखिमपूर्ण है और वैधानिक रूप से वर्जित है। ग्रामीणों से अपील है कि वे खदान परिसर से दूर रहें।”

Share This Article