मामूली बात पर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबी/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलके में दो युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और किसी मामूली बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गया।

यह पूरी घटना 20 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। ग्राम जलके निवासी प्रीतराम (30 वर्ष) पिता इतवार राम और ग्राम लाद निवासी सुखराज (25 वर्ष) पिता गोविंद मरकाम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी सुखराज ने प्रीतराम को जोर से धक्का दे दिया जिससे वह सड़क पर सिर के बल गिर गया। गिरने से प्रीतराम के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया।

इलाज के दौरान मौत

घायल अवस्था में मौजूद लोगों ने प्रीतराम को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण 21 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

मामले की जानकारी मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी सुखराज के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय दोनों युवक शराब के नशे में थे। कहासुनी का कारण क्या था इसकी जांच की जा रही है।

 

Share This Article