कोरबा में 11 सूत्रीय मांगों पर ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन चक्का जाम, बस-ट्रकों के पहिए थमने से हाईवे पर लगा भारी जाम, यात्रियों और आम जनता प्रभावित

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के आह्वान पर 25 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू हो गया है। इसी के तहत कोरबा जिले के पाली और डुमरकछार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही ड्राइवरों ने अपने वाहन खड़े कर यातायात रोक दिया।

चक्का जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसें, ट्रक, ऑटो और मालवाहक वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया है।

ड्राइवर महासंघ ने कहा है कि जब तक सरकार उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर फैसला नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रमुख मांगों में राज्य में शराबबंदी लागू करना, ड्राइवर सुरक्षा कानून बनाना, ड्राइवर आयोग और वेलफेयर बोर्ड का गठन, और 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करना शामिल है।

महासंघ के सदस्यों ने बताया कि ओडिशा की तरह छत्तीसगढ़ सरकार को भी ड्राइवरों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन ने जगह-जगह पंपलेट लगाकर लोगों से आंदोलन में सहयोग की अपील की है।

चक्का जाम से कोरबा, कटघोरा, पाली और बिलासपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित है और आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

Share This Article