कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के कटकीडबरी गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवक फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय नरेंद्र कंवर सुबह अपने घर से पास के नाले में नहाने के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नरेंद्र सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत हरदीबाजार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे सावन कुमार कंवर ने बताया कि उनके पिता के सिर में गहरी चोट आई थी, जिससे उनकी मौत हुई।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर बयान दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए हरदीबाजार थाना पुलिस को डायरी भेजी जा रही है।
