जिला अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की दबंगई: सुरक्षाकर्मियों ने मरीज के परिजन से की मारपीट, मरीज भी घायल, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों द्वारा मरीज के परिजनों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात गार्डों ने मरीज की पत्नी के साथ बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आए मरीज को भी घायल कर दिया।

जानकारी के मुताबिक बालको निवासी कालीचरण बंजारे (55 वर्ष) और उनकी छोटी बेटी दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। कालीचरण पुरुष वार्ड में और उनकी बेटी महिला वार्ड में इलाजरत हैं। दोनों की देखभाल के लिए कालीचरण की पत्नी ऋषि बंजारे ऊपर-नीचे आ-जा रही थीं। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकते हुए अभद्र व्यवहार किया और बाल खींचकर मारपीट करने लगे। हंगामे के दौरान बीच-बचाव के लिए आए कालीचरण के हाथ में लगी नीडल भी सुरक्षाकर्मियों ने खींच दी, जिससे उन्हें चोट लगी और खून बहने लगा।

घटना के बाद ऋषि बंजारे की तबीयत बिगड़ गई और उनका रक्तचाप बढ़ गया। उन्हें भी तत्काल उपचार देना पड़ा। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और पुलिस से शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया है कि संबंधित सुरक्षाकर्मी कामथेंन कंपनी के कर्मचारी हैं। कंपनी में करीब 100 गार्ड तैनात हैं और करोड़ों रुपए का टेंडर शामिल है। मामले पर कंपनी के अधिकारी ने कहा कि वे छुट्टी पर हैं और सुपरवाइजर से संपर्क करने को कहा। गौरतलब है कि जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इससे पहले भी सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

Share This Article