बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’, आंध्र तट की ओर बढ़ रहा खतरा, ले सकता है भयानक रूप….
भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में बना अवदाब तेज़ी से सक्रिय होता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यह प्रणाली पिछले 6 घंटों में लगभग 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ी है।
25 अक्टूबर की रात 11:30 बजे तक इसका केंद्र 11.0° उत्तर अक्षांश और 87.7° पूर्व देशांतर पर स्थित था, यानी यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 550 किमी पश्चिम, चेन्नई से 850 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 890 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, और गोपालपुर से करीब 970 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था।
IMD का कहना है कि यह दबाव क्षेत्र 26 अक्टूबर तक गहरे दबाव क्षेत्र में और 27 अक्टूबर की सुबह तक एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। 28 अक्टूबर की सुबह तक ‘मोंथा’ के भीषण चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) का रूप लेने की संभावना जताई गई है।
यह प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की शाम या रात के दौरान आंध्र प्रदेश के तट पर काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच टकरा सकती है।
IMD के अनुसार लैंडफॉल के समय हवा की गति 90–100 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है जो कभी-कभी 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अलर्ट जारी:
स्थिति को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, जबकि तटीय निवासियों से निकासी निर्देशों और मौसम विभाग के अपडेट पर नज़र बनाए रखने को कहा गया है।