कोरबा में साइबर ठगी का नया मामला: SI के नाम से फर्जी आईडी बनाकर की पैसों की मांग, वायरल हुआ फर्जी आईडी

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला कोरबा जिले से जुड़ा है, जहां अज्ञात ठगों ने सब इंस्पेक्टर नवल साव के नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी तैयार कर लोगों से पैसों की मांग की है।

जानकारी के अनुसार एसईसीएल कॉलोनी निवासी अतुल यादव को इस नकली अकाउंट से मैसेज आया। ठग ने खुद को नवल साव बताते हुए “जरूरी काम” का हवाला देकर 15,000 रुपए की मांग की और दो दिनों में रकम लौटाने का वादा किया। उसने मोबाइल नंबर भेजकर फोन पे के माध्यम से पैसे भेजने का दबाव भी बनाया। हालांकि अतुल को संदेह हुआ और समय रहते उन्होंने पैसे नहीं भेजे।

इसी तरह बुधवारी निवासी सुमित दास महंत के पास भी एक फर्जी प्रोफाइल से संदेश आया, जिसमें ठग ने खुद को उनका रिश्तेदार बताकर पैसे की मांग की। सुमित ने जांच की तो पता चला कि यह भी नकली आईडी है।

सब इंस्पेक्टर नवल साव, जो वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में पदस्थ हैं, ने इस घटना को गंभीर बताते हुए नागरिकों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश या पैसे की मांग पर भरोसा न करें। उन्होंने ऐसे मामलों की तुरंत स्थानीय थाना या साइबर सेल में शिकायत करने की सलाह दी है। पूर्व में नवल साव सीएसईबी चौकी प्रभारी रह चुके हैं और जिले के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

सब इंस्पेक्टर नवल साव जिनके नाम से ठगी का प्रयास किया गया

इस बीच सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी दी कि कोरबा पुलिस लगातार साइबर ठगी से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चला रही है। स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं।

भूषण एक्का ने कहा कि ठग अक्सर खुद को पुलिसकर्मी, अधिकारी या बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को भ्रमित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध संदेश, कॉल या ऑनलाइन मांग पर सतर्क रहें और साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में तुरंत संपर्क करें।

Share This Article