कोरबा जिला पुलिस के निर्देश: छठ पर्व पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष व्यवस्था

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिला प्रशासन ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य छठ घाटों का सौंदर्यीकरण किया है। घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, विशेष लाइटिंग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सहज रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

कोरबा पुलिस ने भी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल, यातायात दल और गोताखोर तैनात किए हैं। बड़े घाटों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां से समय-समय पर सुरक्षा निर्देश प्रसारित किए जाएंगे।

नगरवासियों से अपील की गई है कि वे- छठ पूजा के समय गहरे पानी में न उतरें। छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करें। पूजा घाट के पास रास्ता अवरुद्ध न करें। उठाईगिरी और जेबकतरो से सतर्क रहें।

यातायात संबंधी विशेष दिशा-निर्देश:
दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक और दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः 3:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश कोरबा, बालको, दर्री, दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार नगर क्षेत्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए, शांति, श्रद्धा और सौहार्द के साथ छठ पर्व मनाएँ।

Share This Article