कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको रेलवे लाइन पर रविवार देर रात एक मालगाड़ी के इंजन पर अज्ञात तत्वों द्वारा पथराव किया गया। यह घटना डेंगूरनाला पुल से लेकर सीएसईबी चौक के बीच हुई, जब मालगाड़ी बालको प्लांट से कोरबा स्टेशन की ओर लौट रही थी।
पथराव के दौरान इंजन की खिड़की का शीशा टूट गया, जिससे लोको पायलट ओपी आदिले के सिर पर गंभीर चोट लग गई। उनके साथ मौजूद असिस्टेंट लोको पायलट सुनील कुमार ने किसी तरह ट्रेन को नियंत्रित कर सुरक्षित स्टेशन तक पहुंचाया।
स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों ने स्टेशन मास्टर को घटना की लिखित सूचना दी। प्रारंभ में घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में मामला सामने आने पर रेलवे के साइड इंचार्ज ने बालको थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। डेंगूरनाला क्षेत्र पहले से ही कोयला चोरी की घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है, जहां कई बार मालगाड़ियों को रोककर कोयला गिराने की कोशिशें की गई हैं।
रूट पर लोको पायलटों ने जाने से किया इनकार
रविवार रात की इस घटना के बाद लोको पायलटों में भय का माहौल है। कोरबा स्टेशन से बालको प्लांट के लिए तैयार मालगाड़ियों के चालक और सहायक चालकों ने इस रूट पर जाने से इनकार कर दिया है। इससे रेलवे के सामने माल ढुलाई संचालन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। रेलवे प्रशासन ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस को अज्ञात पथराव करने वालों की तलाश में लगाया गया है।
