कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग साइडिंग रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वरिष्ठ सुरक्षा प्रहरी सुरेश कुमार निर्मलकर, पिता स्वर्गीय हरीराम निर्मलकर, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी सुभाष ब्लॉक D-53, मानिकपुर, द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे हुई।
सूचना के मुताबिक एक अज्ञात व्यक्ति जिसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक का रंग गोरा है, दाहिने कान में सुनहरे तार जैसी बाली तथा हाथ की उंगली में अंगूठी पहनी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर से सहायक उप निरीक्षक कुलदीप तिवारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग (जीरो में) कायम किया है।
फिलहाल मृतक की पहचान अज्ञात है। पुलिस द्वारा शव की पहचान के प्रयास जारी हैं। यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो, तो कृपया इस नंबर पर 7389260055 मानिकपुर पुलिस चौकी से संपर्क करें।
