कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा कॉलोनी इलाके में एक निजी ट्यूशन शिक्षक पर सातवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत पर परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय छात्रा रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने गई थी। पढ़ाई खत्म होने के बाद शिक्षक ने अन्य बच्चों को घर भेज दिया और छात्रा को यह कहते हुए रोक लिया कि उसे कुछ समझाना है। इसी दौरान उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने विरोध किया और किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची।
घर पहुंचने पर छात्रा ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। परिजन तुरंत सिविल लाइन थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल केस दर्ज कर लिया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि आरोपी शिक्षक विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
https://www.instagram.com/reel/DQbNyAtCC9M/?igsh=dGFzdzVvNnRlaXRv
