कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में मालगाड़ी के इंजन पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 27 वर्षीय अरुण प्रधान निवासी ढोंड़ीपारा, कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह पूरी घटना रविवार देर रात की है जब एक मालगाड़ी बालको प्लांट से कोरबा स्टेशन की ओर जा रही थी। डेंगूरनाला पुल और सीएसईबी चौक के बीच किसी ने इंजन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया। इस दौरान लोको पायलट ओ.पी. आदिले के सिर पर गंभीर चोट आई।
संकट की घड़ी में असिस्टेंट लोको पायलट सुनील कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को सुरक्षित कोरबा स्टेशन तक पहुंचाया। स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी और लिखित रिपोर्ट सौंपी।
प्रारंभिक स्तर पर पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में रेलवे साइड इंचार्ज ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी आदतन शराबी है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि शराब के नशे में उसने इंजन पर पत्थर फेंका था और बाद में मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
