दोस्तों में विवादः नशे में तीसरे की पिटाई कर नाले पर लटकाने की कोशिश, मारपीट का वीडियो वायरल…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो दोस्तों ने तीसरे दोस्त को जमकर पीट दिया और उसे नाले के ऊपर उल्टा लटकाने की कोशिश की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शारदा विहार फाटक के पास का है। जानकारी के अनुसार, मनीष दास महंत अपने दो दोस्तों के साथ शराब के नशे में साइकिल से लौट रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दो दोस्तों ने मनीष की पिटाई शुरू कर दी।

पीड़ित युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने उसे पकड़ लिया और लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश भी की, लेकिन मनीष ने किसी तरह बचाव किया और चाकू जमीन पर गिर गया।

फाटक के पास मारपीट के बाद आरोपी युवक मनीष को अटल आवास की गलियों में ले गए और वहां भी उसकी पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस को मौके पर केवल पीड़ित युवक मिला, जो नशे में धुत था। तीनों युवक संजय नगर पानी टंकी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल किसी की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत दर्ज होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article