दीपका/सीजी एनएन 24 न्यूज: दीपका में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाया गया। इस अवसर पर शुक्रवार को दीपका थाना परिसर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ, जिसमें वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। दौड़ की शुरुआत दीपका थाना प्रभारी श्री प्रेमचंद साहू ने हरी झंडी दिखाकर की। इस दौरान कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि सानिध्य सोलंकी, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी, नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका दीपका हर्षित देवी राजपूत, समेत अन्य पार्षद और अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने भी दौड़ में हिस्सा लिया।
दौड़ थाना परिसर दीपका से शुरू होकर मेन रोड से होते हुए गेवरा कॉलोनी परिसर में समाप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक राष्ट्र, एक भावना और एकता के संकल्प को मजबूत बनाना ही आज के दिन का उद्देश्य है।

सरदार पटेल भारत की एकता के शिल्पकार : थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने सरदार पटेल के जीवन और योगदान का विस्तृत उल्लेख किया। पटेल जी को “भारत का आयरन मैन” कहा जाता है, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 563 रियासतों को एक भारत में जोड़ा। उनके नेतृत्व में ही भारत एक राजनीतिक इकाई के रूप में विश्व पटल पर उभरा। आज भी उनके कार्यों को याद करते हुए लोग मानते हैं कि उनकी दूरदर्शिता और कठोर निर्णय क्षमता ने भारत को विभाजन की साजिश से बचाया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहा देश : विधायक प्रेमचंद पटेल
31 अक्टूबर को हर वर्ष देशभर में “राष्ट्रीय एकता दिवस” (National Unity Day) के रूप में मनाया जाता है। स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में इस अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह, दौड़ और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की शपथ ली।

