जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 4 पंचायतों के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, कटघोरा बायपास मुख्य मार्ग पूरी तरह रहा बाधित, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में खस्ताहाल सड़कों और लगातार हो रहे हादसों से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लखनपुर, सुतर्रा, विजयपुर और ढेलवाडीह पंचायतों के सैकड़ों लोग कपूरा बाईपास मुख्य मार्ग पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, कटघोरा बायपास मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित रहा जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा।

ग्रामीण बोले– हादसे हो रहे रोजाना, फिर भी नहीं सुन रहा प्रशासन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और भारी वाहनों के कारण स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि धूल और गड्ढों से गुजरना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग रखी कि सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाए और भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगे।

एक साल से कर रहे हैं शिकायतें, नहीं हुई कोई कार्रवाई
ग्रामवासी यदुनंदन जायसवाल ने बताया कि सूतर्रा से सिंघाली तक करीब तीन किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। पिछले एक वर्ष में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत से लोगों में गुस्सा और बढ़ गया।

प्रशासन ने दिया आश्वासन, तब खुला जाम
सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। तहसीलदार ने बताया कि ग्रामीणों की मांगों पर विभाग जल्द मरम्मत कार्य शुरू करेगा। अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और आवागमन बहाल हुआ।

Share This Article