कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में दीपका स्थित एसईसीएल के आवासीय परिसर में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि कोल अफसर ने अपनी पत्नी के घर में एक युवक को देखा जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक कोल अफसर इस समय पत्नी से अलग अपने बेटे के साथ दूसरे शहर में रहते हैं जबकि पत्नी दीपका के आवासीय परिसर में रहती हैं। देर रात अफसर को सूचना मिली कि उनकी पत्नी के घर के नीचे एक स्कूटी खड़ी है। इस पर वे बेटे के साथ रात करीब 12:30 बजे वहां पहुंचे।
दरवाजा खटखटाने पर पत्नी बाहर आई और कहासुनी शुरू हो गई। बेटे ने जब घर के अंदर झांका, तो वहां एक युवक मौजूद था, जिसकी पहचान पाली रोड स्थित डेंटल क्लिनिक संचालक डॉक्टर के रूप में हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गई।
हंगामे की सूचना पर कॉलोनीवासी भी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह मामला शांत कराया। घटना के बाद पति और पत्नी दोनों दीपका थाना पहुंचे और एक-दूसरे पर शिकायत दर्ज कराई। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
