रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में सभी तबादलों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लिया गया है। आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके चलते संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला प्रतिबंधित कर दिया गया है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) यशवंत कुमार ने इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को पत्र भेजा था। इसके बाद विभाग ने 30 अक्टूबर 2025 को आदेश जारी किया। राज्योत्सव और प्रधानमंत्री की रायपुर यात्रा के कारण आदेश को अब सार्वजनिक रूप से जारी किया गया है।
यह तबादला प्रतिबंध निम्नलिखित पदों पर लागू रहेगा –
कलेक्टर, एडिशनल कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर्स)
बताया गया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी पर नियुक्त किया गया है, इसलिए इस अवधि में उनका तबादला भी नहीं किया जा सकेगा। यह तबादला प्रतिबंध 6 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
