कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना को बीते 6 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। परिजनों का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण मृतक का अंतिम संस्कार वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से पुलिस की मौजूदगी में किया गया।
यह हादसा गुरुवार, 29 अक्टूबर की रात मानिकपुर फाटक के पास रेलवे स्टेशन मानिकपुर के सामने मुख्य मार्ग साइडिंग रोड पर हुआ था। राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े युवक का शव देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को जिला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया।
मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गोरा है, दाहिने कान में बाली और हाथ की उंगली में अंगूठी पाई गई। इसके अलावा, उसके हाथ पर “R.K” नाम का टैटू बना हुआ है।
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में मुनादी कराई और सोशल मीडिया तथा व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से तस्वीरें साझा कीं, लेकिन छह दिन बीत जाने के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी। चूंकि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई, इसलिए शव को वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से मानिकपुर पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि यह सड़क हादसा था या हत्या, ताकि मामले का सच सामने आ सके।
