पशु वाहन से जनप्रतिनिधियों के कटआउट ले जाने के मामले में निगम आयुक्त की सख्त कार्यवाही, 2 उपअभियंता व स्वच्छता निरीक्षक निलंबित 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   राज्योत्सव आयोजन में लापरवाही बरतने के मामले में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कड़ा कदम उठाया है। पशु वाहन से सम्माननीय जनप्रतिनिधियों के कटआउट ले जाए जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने दो उप अभियंता और एक स्वच्छता निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित अधिकारियों में उप अभियंता अश्वनी दास, अभय मिंज और स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत शामिल हैं। आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि यह कार्य न केवल कार्य के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाला है।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2024 के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत के कटआउट्स को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए निगम के अधिकारियों द्वारा पशु वाहन का उपयोग किया गया था। मामला सामने आने के बाद आयुक्त ने तत्काल जांच के आदेश दिए।

अपर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया, जो असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद आयुक्त पाण्डेय ने तीनों अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले या कार्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article