धतूरा पंचायत में मनरेगा भुगतान घोटाला: भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे भाजपा महामंत्री अमरनाथ कौशिक, जांच में खुली पोल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/धतूरा (पाली): कोरबा जिले के ग्राम पंचायत धतूरा में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा भुगतान में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यह शिकायत भाजपा के हरदी बाजार मंडल महामंत्री अमरनाथ कौशिक के खिलाफ दर्ज की गई थी, जो वार्ड क्रमांक 6 के पंच और मेट पद पर भी कार्यरत हैं।

लगभग दो महीने पहले ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें भुगतान में अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। अब पाली ब्लॉक सीईओ भूपेंद्र सोनवानी के निर्देश पर अमितेश राठौर और टी.एस. प्रधान ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान पता चला कि प्रारंभ में नौ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अधिकारियों के पहुंचने पर 15 से 20 अतिरिक्त ग्रामीण भी शिकायत लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी से अलग-अलग बयान लिए, जिनमें अमरनाथ कौशिक दोषी पाए गए।

ग्रामीणों ने मौके पर ही पैसा लौटाने की मांग की, लेकिन कौशिक ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उन्होंने जांच अधिकारियों से 15 से 20 दिन का समय मांगा, किंतु ग्रामीणों ने इस पर असहमति जताई। उनका कहना था कि अगर तय समय में भुगतान नहीं किया गया, तो वे आगे की कार्रवाई करेंगे।

जांच के दौरान अमरनाथ कौशिक ने मेट पद से इस्तीफा देने से भी इनकार कर दिया। ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं की मांग है कि जल्द से जल्द गड़बड़ी की रकम वापस दिलाई जाए और उचित कार्रवाई की जाए।

Share This Article