देव दीपावली पर हसदेव तट जगमगाया, हजारों दीपों से आलोकित हुआ नदी किनारा, भारी संख्या में उमड़ा भक्तों का सैलाब, देखें तस्वीरें….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने हसदेव नदी तट पर देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया। नदी तट पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र दैदीप्यमान हो उठा। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।

नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य महाआरती की तैयारियाँ एक दिन पूर्व ही पूरी कर ली गई थीं। बुधवार की सुबह नौ बजे हवन, पुण्याहुति और सहस्त्रधारा का आयोजन किया गया। शाम होते ही सर्वमंगला मंदिर स्थित हसदेव तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

शाम 6:45 बजे महाआरती का शुभारंभ हुआ। ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ शंखनाद किया और 108 लीटर दूध से हसदेव नदी का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद 108 मीटर लंबी चुनरी नदी को समर्पित की गई। 108 ब्राह्मणों द्वारा चारों दिशाओं में भव्य महाआरती की गई, जिसका दृश्य देख श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।

कार्यक्रम के दौरान भगवान लक्ष्मीनारायण और भगवान राम-लक्ष्मण की जीवंत झांकी भी निकाली गई, जिसने भक्तों को आकर्षित किया। आसमान में छाई आतिशबाजी और लेजर लाइटों ने वातावरण को दिव्य बना दिया।

श्रद्धालुओं ने प्रवाहित जल में दीपदान किया और तट पर मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित किए। महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, वहीं भक्ति गीतों पर भक्त झूम उठे। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह भी श्रद्धालुओं ने नदी और जलाशयों में दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।

हसदेव तट पर हुई यह देव दीपावली श्रद्धा, भक्ति और भारतीय परंपरा का अद्भुत संगम बन गई।

Share This Article