कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हाथी न केवल खेतों की फसलें रौंद रहे हैं बल्कि ग्रामीणों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन मंडल कोरबा के करतला रेंज अंतर्गत बड़मार व पीड़िया क्षेत्र में बीती रात हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने एक ग्रामीण के खेत में लगे बोर पाइप और पैनल बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पीड़िया, सेंद्रीपाली, श्रीमार और तीलईडबरा गांवों में दर्जनों किसानों की धान की फसल को रौंद दिया गया। रातभर हाथियों का आतंक जारी रहा और सुबह होने से पहले झुंड पीड़िया जंगल की ओर चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाथियों द्वारा की गई क्षति का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल ऐसे समय में पहुंचा है जब किसानों की धान की फसलें पककर तैयार हैं और कटाई की तैयारी चल रही थी। हाथियों के उत्पात से किसानों की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
परला और आमाटिकरा क्षेत्र में भी सक्रिय हाथियों का झुंड
उधर कटघोरा वन मंडल के जंगलों में भी हाथियों का आतंक जारी है। जानकारी के अनुसार करीब 42 हाथियों का दल इन दिनों आमाटिकरा और परला के आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। लगातार फसलों को रौंदने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से हाथियों के उत्पात पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
