कटघोरा बायपास पर डीजल टैंकर और ट्रेलर में भीषण टक्कर, दोनों ड्राइवर गंभीर रूप से घायल, घंटों लगा रहा जाम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के कटघोरा बायपास पर डीजल टैंकर और कोयला लदे ट्रेलर वाहन में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के हुंकरा के पास मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुई। डीजल टैंकर बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रेलर विपरीत दिशा से कोरबा की ओर आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

डेढ़ घंटे तक जाम, यात्रियों को हुई परेशानी
हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस जाम में भारी वाहन, यात्री बसें कारें और बाइक सवार फंसे रहे, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही 112 और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और जेएसईबी मशीन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेक करने के प्रयास के चलते हुआ। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों से पूछताछ कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article