दहेज की प्रताड़ना और पति के अवैध संबंध से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका के परिजन गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अवैध संबंधों के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानें क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा अमोरा निवासी यामिनी विश्वकर्मा (25 वर्ष) की शादी 17 मई 2023 को मानस नगर, कोरबा निवासी अनिल विश्वकर्मा से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद यामिनी को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। जब यामिनी ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी।
मृतका की मां श्वेता विश्वकर्मा ने बताया कि यामिनी ने तीज पर मायके आने पर बताया था कि उसके पति के किसी शादीशुदा महिला से अवैध संबंध हैं। इसका विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर 21 सितंबर 2025 को यामिनी ने अपने ससुराल स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
