पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा शहर के मोती सागर पारा बस्ती में पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। मृतक का नाम शनि गोंड (30 वर्ष) है, जो मोती सागर पारा में अपने परिवार के साथ रहता था। शनि घर से कुछ दूरी पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि 7 नवंबर की सुबह शनि अपनी दुकान पर था तभी उसे सूचना मिली कि घर में परिवार के बीच विवाद चल रहा है। यह सुनकर वह तुरंत घर पहुंचा। घर लौटने के बाद उसने गुस्से में अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया।

शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह नाराज होकर सो गया है, लेकिन जब देर रात तक दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शनि कमरे के अंदर पाइप से रस्सी बांधकर फांसी पर लटका मिला।

परिजनों के मुताबिक शनि मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव का था लेकिन घर में लगातार होने वाले विवादों से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Share This Article