घर की सुसकी बेचकर करता था शराब पार्टी, मां की शिकायत पर बेटा और उसका दोस्त पहुंचे जेल, देखें वीडियो…..
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां की शिकायत पर उसके बेटे और उसके दोस्त को सुसकी (सूखी मछली) चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता पीर रोहिदास रेलवे कॉलोनी बंद फाटक के पास रहती हैं और शहर में घूम-घूमकर सुसकी और चिंगरी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। पिछले कुछ महीनों से उनके घर से बार-बार सुसकी चोरी हो रही थी। उन्हें संदेह था कि यह हरकत उनका छोटा बेटा ही कर रहा है।

शिकायत पर खुला राज
7 नवंबर को पीर रोहिदास जब मानिकपुर बाजार में सुसकी बेचकर लौटीं, तो उन्होंने मछली कमरे में रख दी थी। कुछ देर बाद देखा तो सुसकी गायब थी। घरवालों से पूछताछ करने पर जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में पता चला कि पीड़िता का बेटा राजा रोहिदास (25) अपने दोस्त शिवकुमार यादव के साथ मिलकर घर से सुसकी चुराता था। दोनों चोरी की सुसकी बेचकर शराब पीते और पार्टी करते थे। राजा रोहिदास ट्रेन में बूट पॉलिश का काम करता है और शराब का आदी बताया गया है। उसका साथी शिवकुमार यादव राजमिस्त्री का काम करता है और वह भी आदतन शराबी है।
मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसई कुलदीप तिवारी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 126 और 135/3 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जमानत न मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
