कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के तुलसी नगर इलाके में राष्ट्र सेविका समिति के वरिष्ठ स्वयंसेवक अमरजीत सिंह (72 वर्ष) पर रविवार को एक युवक ने चाकू, कैंची और पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सैफ खान (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अमरजीत सिंह तुलसी नगर स्थित एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे तभी युवक ने उन पर अचानक हमला कर दिया। पहले उसने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और बाद में सिर पर पत्थर से वार किया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और घायल अमरजीत सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सैफ खान एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सैफ खान स्कूली बच्चों को डराकर अश्लील वीडियो और तस्वीरें दिखाता था, जिसकी शिकायतें पहले भी की गई थीं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
राष्ट्र सेविका समिति की सदस्यों ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगी।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मारपीट और हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है।
