कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के एसईसीएल दीपका खदान में सोमवार रात एक सड़क हादसे में निजी कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। यह हादसा न्यू सीएचपी स्थित PQR-1 ड्राइव हाउस के सामने हुआ। मृतक की पहचान बुड़गहन (बलौदा) निवासी निलेश पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खदान क्षेत्र में कार्यरत एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में लोडर सहायक के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक निलेश पटेल रात में ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि निलेश बाइक सहित वाहन के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खदान में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और ट्रैफिक मॉनिटरिंग की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। संगठनों ने जिला प्रशासन और श्रम विभाग से पारदर्शी जांच कराने और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है। फिलहाल दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
