कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल लूट और बाइक चोरी के तीन मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर सेल कोरबा, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना कोतवाली, चौकी सीएसईबी एवं चौकी मानिकपुर की संयुक्त टीम ने मोबाइल लूट और मोटरसाइकिल चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहला मामला
10 नवंबर को शिकायतकर्ता अंशु, निवासी सीतामणी हाटर, कोरबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कॉलेज जाते समय मोबाइल पर बात करते वक्त अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उसका मोबाइल छीन लिया। मोटरसाइकिल पर नंबर CG-12 AG-7740 और “Dragon Ball” लिखा हुआ था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी दीपक कुर्रे (22 वर्ष) पिता कौशल प्रसाद कुर्रे, निवासी बरीडीह, थाना उरगा, को गिरफ्तार किया। आरोपी से लूटा गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 392(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

दूसरा मामला
10 नवंबर को जसुमन, निवासी राजीव नगर, कोरबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी स्कूटी से जाते समय अज्ञात व्यक्ति ने उसका VIVO मोबाइल फोन (IMEI 887309055744418) छीन लिया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी विशाल पाटले (25 वर्ष) पिता संजय पाटले, निवासी इंदरगढ़पारा, थाना सिविल लाइन रामपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG-12 AG-7740 एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आरोपी पर धारा 304(2), 309(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

तीसरा मामला
इसी दिन एक अन्य प्रार्थिया ने शिकायत की कि जब वह पैदल जा रही थी, तब दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और मोटरसाइकिल से भाग गए। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी दीपक कुर्रे (22 वर्ष) पिता कौशल प्रसाद कुर्रे, निवासी बरीडीह, थाना उरगा तथा कन्हैया लाल यादव (19 वर्ष) पिता शिव कुमार यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

संयुक्त पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही

तीनों मामलों में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया तथा मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त वाहन एवं लूटा गया सामान जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक कोरबा ने संयुक्त टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

Share This Article