कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। करीब 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बना लिया और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तराईडांड निवासी शत्रुघ्न दास का परिवार खेती-किसानी के साथ-साथ घर पर राशन दुकान भी चलाता है। आर्थिक रूप से संपन्न होने के कारण उन्हें गांव का बड़ा किसान माना जाता है। यहां रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो चुके थे। इसी दौरान रात करीब 1 बजे, 10 से 15 अज्ञात बदमाश घर के पिछले हिस्से की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उनके पास धारदार हथियार थे। उन्होंने शत्रुघ्न दास, उनके बेटे, बहू और अन्य परिजनों को हथियारों के बल पर धमकाते हुए आवाज उठाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी को रस्सियों से बांध दिया गया।
लुटेरों ने घर की तलाशी लेकर करीब 1.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लूट लिए और फरार हो गए। करीब दो घंटे बाद, रात तीन बजे परिवार के सदस्यों ने किसी तरह एक-दूसरे की मदद से रस्सियां खोलीं और गांव वालों को घटना की सूचना दी। सुबह होते ही मामले की जानकारी बालको थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर सीएसपी भूषण एक्का मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शत्रुघ्न दास और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। इस घटना के बाद से तराईडांड और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और पुलिस से गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
