कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रजगामार रोड पर चावल गोदाम तिराहे के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया। कार ने पहले एक इलेक्ट्रिक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरी कार से जा भिड़ी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार (सीजी 12 बीजी 3303) नंबर की कार को एक डॉक्टर चला रहे थे। कार ने पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मारने से बचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद सामने चल रही इलेक्ट्रिक ऑटो से जा टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी कार से भिड़ गई। गनीमत रही कि उस समय राहगीर थोड़ी दूरी पर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय होटल संचालक लूतन वर्मा ने बताया कि इस तिराहे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने कहा करीब एक माह पहले इसी स्थान पर बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। वहीं, पास ही दुकान चलाने वाले राकेश श्रीवास ने बताया कि पिछले कई वर्षों में यहां कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस रोड पर भारी वाहनों का दबाव अधिक रहता है और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चौक पर स्पीड ब्रेकर की सख्त जरूरत है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस तिराहे के सुधार और ब्रेकर निर्माण की मांग की है, ताकि इस दुर्घटनाग्रस्त स्थल को सुरक्षित बनाया जा सके और भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
