रेलवे स्टेशन पर फर्जी आरपीएफ ASI गिरफ्तार
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: कल्याण रेलवे स्टेशन पर फर्जी आरपीएफ अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 12 नवंबर को प्लेटफ़ॉर्म नंबर 2/3 पर उस समय हुई, जब युवक आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (ASI) की पूरी वर्दी पहनकर यात्रियों और कर्मचारियों को भ्रमित करता पाया गया।
घटना के अनुसार शिफ्ट ड्यूटी के दौरान गश्त कर रहे ASI रमेशसिंह यादव की नज़र दोपहर करीब 1:30 बजे इस संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। युवक ने ASI यादव से सेल्फी लेने की मांग की और अपनी पोस्टिंग ‘ऑस्टिन आरपीएफ पुणे’ बताई। उसने यह भी दावा किया कि वह वंदे भारत ट्रेन की एस्कॉर्टिंग ड्यूटी पर है। जब ASI ने उसके स्टाफ के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि सभी ब्रिज पर मौजूद हैं, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए लुक आफ्टर चार्ज इंस्पेक्टर रणजीत सिंह को सूचना दी गई। जांच के दौरान संदेह बढ़ने पर आरोपी को आरपीएफ पोस्ट ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की। आरक्षक मंगेश थेरे, रितेश त्रिपाठी और CIB कल्याण के आरक्षक नीलकंठ गोरे ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी कल्याण को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।