धान खरीदी से पहले सरकार का बड़ा फैसला, नौकरी से निकले गए ये समिति प्रबंधक….
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू करने की तैयारी के बीच छत्तीसगढ़ में पैक्स समितियों के सहकारी कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बड़ी चुनौती बन गई है।
राज्य की 2058 पैक्स समितियों के 2739 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी होनी है, लेकिन हड़ताल के चलते तैयारियां प्रभावित हैं। रबी ऋण वितरण और पीडीएस जैसी योजनाओं पर भी असर पड़ रहा है। सरकारी अधिकारियों ने कर्मचारियों से चर्चा की, परंतु कर्मचारी अपनी चार सूत्रीय मांगों पर अडिग हैं। कार्य पर लौटने के निर्देश और नोटिस के बावजूद कई प्रबंधक व ऑपरेटर उपस्थित नहीं हुए और न ही कोई जवाब दिया। स्थिति को गंभीर दुराचार मानते हुए समितियों के संचालक मंडल ने सख्ती दिखाई है।
आज 14 नवम्बर को पांच समिति प्रबंधकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं, जिनमें शामिल हैं:
नारायण साहू, प्रबंधक – छाती समिति, धमतरी
ईश्वर श्रीवास, प्रबंधक – बोरतलाव समिति, राजनांदगांव
गोविंद नारायण मिश्रा, प्रबंधक – चांपा पैक्स
किशुन देवांगन, प्रबंधक – गठुला समिति, राजनांदगांव
चंद्रप्रताप सिंह, प्रबंधक – लखनपुर समिति
कठोर कार्रवाई के बाद प्रदेश में कई हड़ताली कर्मचारी कार्य पर लौटने लगे हैं, जिससे धान खरीदी की तैयारी में फिर से तेजी आने की उम्मीद है।