कोरबा: नकाबपोश बदमाशों ने की युवक की बेरहमी से पिटाई, मोबाइल का पासवर्ड खुलवाकर ATM से निकाले पैसे; वारदात से फैली सनसनी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में नकाब पहने बदमाशों ने एक युवक के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। घटना 10 नवंबर की रात ढोढ़ीपारा स्वागत गेट के पास हुई, जहां 4–5 अज्ञात आरोपियों ने महेश्वर साहू को रोककर बेरहमी से पीटा, उसका मोबाइल पासवर्ड खुलवाया और फिर उसे ATM तक ले जाकर पैसे निकलवाए। इसके बाद बदमाश मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महेश्वर साहू, निवासी ढेंगुरनाला कोहड़िया, टीपी नगर स्थित मोबाइल दुकान में काम करता है। घटना वाली रात वह पानी छिड़काव के काम के लिए साइकिल से नगर निगम कार्यालय जा रहा था। इसी दौरान नशे में दिख रहे युवकों ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज की, रेलवे लाइन किनारे ले जाकर हाथ-मुक्कों और बाल्टी से मारपीट की। पीड़ित के चेहरे, नाक और सिर में गंभीर चोटें आईं।

वारदात के बाद वह रात 12:30 बजे किसी तरह नगर निगम कार्यालय पहुंचा और वहां के गार्ड को सूचना दी। बाद में उसने परिजनों को खबर की और सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात 4–5 युवकों के खिलाफ BNS की धाराएं 115(2), 126(2), 296, 3(5), 304(2), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

पीड़ित का आरोप है कि घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। साथ ही उसे धमकी दी गई है कि पुलिस में शिकायत करने पर उसे जान से मार दिया जाएगा। इससे वह डरा हुआ है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

Share This Article