बस और ट्रक में हुई जोरदार टक्कर, हादसे में 6 लोग घायल, मची अफरा-तफरी…..
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: रायगढ़–लाखा रोड पर सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां जोशी बस और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बस चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रायगढ़ से कापू की ओर जा रही जोशी बस जैसे ही लाखा के पास पहुँची, सामने से आ रहे ट्रक ने सीधे बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई यात्री दुर्घटना में सुरक्षित बच निकले। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।