कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर की पॉश कॉलोनी एमपी नगर में एक उग्र सांड ने कई परिवारों को भयभीत कर दिया था। पिछले कुछ दिनों से सांड कॉलोनी में घूम रहा था और धीरे-धीरे उसका व्यवहार उग्र होता जा रहा था। स्थिति यह हो गई थी कि वह राहगीरों से लेकर घर से बाहर निकलने वाले लोगों पर भी हमला कर रहा था। डर के कारण लोग अपने बच्चों को स्कूल भेजने से कतराने लगे थे।
जानकारी के अनुसार, इस सांड को कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद वह रेबिज से संक्रमित हो गया। संक्रमण के चलते सांड बेहद आक्रामक हो गया और लगातार लोगों तथा वाहनों पर हमला करने लगा। बीते दिनों में सांड के हमले से करीब 12 वाहन चालक घायल हुए। कॉलोनीवासियों ने इसकी सूचना निगम और वन विभाग को दी, परंतु काफी कोशिशों के बाद भी सांड को काबू नहीं किया जा सका।
स्थिति बिगड़ने पर छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसायटी के गौसेवकों को खबर दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद सांड को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और वाहन के जरिए उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
शहरवासी बोले— प्रशासन को करनी होगी ठोस कार्रवाई
घटना के सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा श्वानो की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई श्वान पागल हो चुके हैं, जिनसे रेबिज फैलने और हमले की आशंका बनी रहती है। नागरिकों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम और प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने होंगे।
