कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के जोगीपाली गांव के मुड़धोवा पतरा क्षेत्र में 15 नवंबर को 8-10 लकड़ी तस्करों ने मिलकर तीन वनकर्मियों पर हमला किया। करतला वन परिक्षेत्र के वनकर्मी जंगल में सर्चिंग ड्यूटी पर थे, तभी तस्करों ने उन्हें बंधक बना लिया और बेरहमी से पिटाई की।
जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर वनकर्मियों ने एक ट्रैक्टर रोका, जिसमें साल के तीन लट्ठे लदे मिले। ट्रैक्टर में मनाराम पटेल, अंकुश पटेल सहित 8-10 अन्य लोग सवार थे। ट्रैक्टर रुकते ही तस्करों ने वनकर्मियों के मोबाइल छीन लिए, गाली-गलौज की और लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी व मुक्कों से मारपीट किया।
इसके बाद तस्करों ने वनकर्मियों को जबरन अपने वाहन में बैठाकर जोगीपाली गांव ले गए और जान से मारने की धमकी दी। गांव में उन्होंने अपने रिश्तेदारों और अन्य ग्रामीणों को भी बुलाकर एक बार फिर पिटाई की और वनकर्मियों की वर्दी फाड़ दी। घटना में वनकर्मी घायल हो गए जबकि किसी तरह एक वनकर्मी अपनी जान बचाकर भागने में सफल हुआ, लेकिन तस्करों ने उसे भी पकड़ कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ितों की शिकायत पर करतला थाने में 12 से अधिक तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डीएफओ प्रेमलता यादव ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी और डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
