कोरबा: अलाव तापना पड़ा भारी, आग की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कड़ाके की ठंड के बीच गर्मी के लिए जलाए गए अलाव ने ग्राम बड़मार के एक बुजुर्ग की जान ले ली। आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे 72 वर्षीय मंशीदास महंत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़मार का है। मंशीदास महंत अपने परिवार के साथ रोजाना की तरह रविवार रात भी अलाव ताप रहे थे। देर रात सभी परिजन अपने कमरों में चले गए, जबकि मंशीदास महंत अलाव के पास ही चटाई बिछाकर सो गए थे। रात करीब 12 बजे अचानक उनकी चीख सुनकर परिवार के लोग बाहर भागे तो देखा कि बुजुर्ग कंबल सहित आग की लपटों में घिरे हुए थे।

परिजनों ने तुरंत चादर डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वे करीब 80% तक झुलस चुके थे। पहले प्राथमिक उपचार के तौर पर स्याही लगाई गई, इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिनों से चल रहे उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे ने बताया कि ठंड बढ़ने पर घर के सामने वाले कमरे में 9-10 लोग अलाव के पास बैठे थे। सभी के अंदर जाने के बाद अचानक पिता की चिल्लाहट सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो वे जलती आग के बीच थे।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर बयान दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच के लिए मामले की डायरी संबंधित थाना भेजी जा रही है।

Share This Article