कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के पंतोरा मुख्य मार्ग पर भारतमाला रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जीआरआईएल बलौदा कंपनी भारतमाला रोड पर डिवाइडर पट्टी का काम कर रही थी। पिकअप वाहन में सवार पांच मजदूर काम पर जा रहे थे, तभी वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर पलट गया। मृतक मुकेश कुमार (28 वर्ष) राजस्थान के शाहपुरा निवासी थे।
चार गंभीर रूप से घायल मजदूरों को कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार को फोन कर सूचित किया गया, जो राजस्थान से कोरबा की ओर रवाना हो गए हैं।
पंतोरा थाना प्रभारी बसंत कुमार साव और जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
