दर्री प्लांट में बड़ा हादसा: स्टॉप डैम टूटा-प्लांट में घुसा पानी, उत्पादन ठप, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा:  कोरबा के दर्री स्थित सीएसईबी पॉवर प्लांट में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के पास बने स्टॉप डैम का तटबंध अचानक टूट जाने से भारी मात्रा में पानी पॉवर प्लांट के अंदर घुस आया। अचानक पानी भरने से प्लांट परिसर में अफरा–तफरी मच गई और मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पानी सीधे प्लांट की मशीनरी वाले हिस्से तक पहुंच गया, जिसके चलते विद्युत उत्पादन पूरी तरह ठप पड़ गया।

स्थानीय कर्मचारियों का आरोप है कि डैम में पहले से दरारें थीं, जिसकी सूचना कई बार अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लापरवाही का परिणाम आज बड़े हादसे के रूप में सामने आया।

हादसे के बाद प्लांट में भरे पानी को निकालने का काम तेजी से जारी है। साथ ही तटबंध को फिर से दुरुस्त करने के लिए टीम तैनात कर दी गई है। हालांकि प्लांट को कितना नुकसान हुआ है और उत्पादन दोबारा कब शुरू होगा इस पर अधिकारी फिलहाल कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे पा रहे हैं।

Share This Article