विपरीत परिस्थितियों को हराकर राज पटेल ने CGPSC में बनाया स्थान, मिला 22वाँ रैंक, माँ की आंखों में छलके खुशी के आंसू

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा के मानस नगर निवासी राज पटेल ने कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए CGPSC 2024 परीक्षा में 22वीं रैंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। सफलता की घोषणा होते ही घर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और उनकी माँ शकुंतला पटेल की आंखें गर्व और भावुकता से भर आईं।

राज के पिता स्व. संतोष पटेल सीएसईबी 200 प्लांट में मजदूर थे। वर्ष 2004 में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था। उस समय राज बहुत छोटे थे। पिता के निधन के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उनकी माँ शकुंतला पटेल पर आ गई, जिन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद राज की पढ़ाई और परवरिश में कोई कमी नहीं आने दी। वे दूसरों के घरों में काम कर कमाए पैसों से घर का खर्च चलाती रहीं और राज की किताबों की व्यवस्था करती रहीं। शकुंतला पटेल ने भावुक होकर बताया कि पति के जाने के बाद हालात बहुत मुश्किल थे। आज राज ने मेरे सारे सपने पूरे कर दिए।

राज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। वे अद्वैत फाउंडेशन के छात्र भी रहे हैं। फाउंडेशन के डायरेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि कोरोना काल में संस्था ने 100 प्रतिभाशाली बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी थी, जिसमें राज भी शामिल थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए संस्था ने पढ़ाई में आने वाली सभी चुनौतियों को दूर किया।

पिछले तीन वर्षों से राज दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रहे हैं। CGPSC में उनका यह दूसरा प्रयास था। इस परीक्षा में करीब 2 लाख उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 4000 का चयन मेन परीक्षा के लिए हुआ और 230 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी हुई, जिसमें राज ने 22वीं रैंक हासिल की।

राज के अनुसार सफलता का मंत्र है- सिलेबस आधारित अध्ययन, अनुशासन, निरंतरता और व्यापक दृष्टिकोण। वे अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, गुरुजनों और अद्वैत फाउंडेशन को देते हैं।

कोरबा के युवाओं को संदेश देते हुए राज ने कहा- सिलेबस-केंद्रित नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास से बड़ी से बड़ी परीक्षा को पास किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वे UPSC के दो इंटरव्यू दे चुके हैं और भविष्य में कलेक्टर या डिप्टी कलेक्टर बनने का लक्ष्य रखते हैं।

टिकेश्वर साहू ने बताया कि राज शुरू से ही प्रतिभाशाली रहे हैं और कई बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कोरबा का नाम रोशन किया है।

राज की सफलता पर परिवार, शिक्षक, मित्र और कोरबा के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं और लगातार उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं।

Share This Article