कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: दीपका थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। एक घटना में एसईसीएल कर्मी ने मालगाड़ी के नीचे कूदकर अपनी जान दे दी, जबकि दूसरी घटना में ट्रक में हवा भरते समय टायर फटने से ट्रक मालिक की मौत हो गई।
चलती मालगाड़ी के आगे कूदकर एसईसीएल कर्मी ने दी जान
पहली घटना शक्तिनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास हुई, जहां दीपका निवासी जितेंद्र तिवारी, जो एसईसीएल में पदस्थ थे, ने आत्मघाती कदम उठाते हुए चलती मालगाड़ी के नीचे कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह कुछ देर से रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे। जैसे ही कोयला ढोने वाली मालगाड़ी पास आई, जितेंद्र ने उसके आगे सिर रख दिया।
घटना एनटीपीसी रेलवे ट्रैक पर हुई, जिसका उपयोग कोयला परिवहन के लिए किया जाता है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जितेंद्र काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे, जिसकी वजह से वे मानसिक तनाव में रहते थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने मामले की पुष्टि की है।
हवा भरते समय टायर फटने से ट्रक मालिक की मौत
दूसरी घटना गेवरा हेलीपैड के पास स्थित सोनू टायर दुकान की है, जहां ट्रक का टायर फटने से 45 वर्षीय राजेंद्र यादव की मौत हो गई। मृतक मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम बहराटोला का निवासी था।
राजेंद्र यादव अपने ट्रक का मालिक और चालक दोनों था। गुरुवार शाम वह दीपका खदान से कोयला लोड करने आया था। लोडिंग से पहले उसने गाड़ी के टायर में हवा भरवाई, तभी अचानक टायर ब्लास्ट हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें-
https://www.instagram.com/reel/DRWobsPiJMa/?igsh=MWh2Yncwb3g1dXR4Yw==
