बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, फिल्म जगत में शोक की लहर….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

नई दिल्ली:   हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता और “ही-मैन” कहलाने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती थे। 1 नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था और 12 नवंबर को डिस्चार्ज किया गया था। परिवार की ओर से बताया गया था कि उनकी तबीयत में सुधार है, लेकिन 24 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड, फिल्म जगत और दुनिया भर के प्रशंसकों में शोक की लहर है।

65 वर्षों का शानदार करियर
धर्मेंद्र ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत 1960 की फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से की थी। 1961 में वे बॉय फ्रेंड में सपोर्टिंग रोल में नजर आए। इसके बाद उन्होंने ऐसा सफर तय किया जिसने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल कर दिया। उन्होंने शोले, चुपके-चुपके, सीता और गीता, धरमवीर, फूल और पत्थर, जुगनू, यादों की बारात जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी।

आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’
धर्मेंद्र अपने अंतिम दिनों तक फिल्मों में सक्रिय रहे। उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस रिलीज के लिए तैयार है, जिसमें वे अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका में दिखाई देंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share This Article