कोरबा में दो अलग-अलग सड़क हादसे: ट्रेलर और टैंकर की भिड़ंत, केबिन में बुरी तरह फंसा रहा चालक  

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में 23 नवंबर की रात और 24 नवंबर की सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। इन हादसों में एक ट्रेलर और एक डीजल टैंकर की भिड़ंत हुई, जिसमें दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंस गए। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पहला हादसा 23 नवंबर की देर रात सर्वमंगला कनवेरी मार्ग पर सोनपुरी पुल के पास हुआ। बताया गया कि कोयला लोड एक ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी एक ब्रेकडाउन ट्रेलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में फंस गया। स्थानीय ग्रामीणों और सर्वमंगला पुलिस की मदद से चालक को केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

दूसरी घटना 24 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे उरगा थाना क्षेत्र में कनबेरी मुख्य मार्ग पर हुई। यहां राखड़ से भरे एक ट्रेलर और एक डीजल टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में भी ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेएसईबी वाहन की मदद से टैंकर को हटवाया गया।

सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि दोनों हादसों में घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Share This Article